DniNews.Live

उन्नाव में अवैध खनन पर जिला प्रशासन का छापा:3 पोकलैंड मशीनें और 2 डंपर जब्त, माफिया पर कार्रवाई

उन्नाव जिले में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के सहजनी इलाके में छापेमारी कर अवैध मिट्टी खनन में इस्तेमाल हो रहे भारी वाहनों को जब्त किया गया। यह कार्रवाई ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद की गई। खनन अधिकारी, एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी और कोतवाली पुलिस की एक संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। छापेमारी के दौरान प्रशासन ने तीन पोकलैंड मशीनें और दो डंपर जब्त किए। बताया गया है कि इन मशीनों का उपयोग बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी खनन के लिए किया जा रहा था। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस अवैध खनन का संचालन कथित खनन माफिया रवि सिंह द्वारा किया जा रहा था। रवि सिंह पर लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त होने का आरोप है। आरोप है कि वह अपने बेटे के साथ मिलकर अवैध खनन का नेटवर्क चला रहा था और किसानों की जमीनों से बिना अनुमति मिट्टी निकाल रहा था। ग्रामीणों ने प्रशासन को अपनी शिकायत में बताया था कि खनन माफिया विरोध करने वालों को धमकाता था। उनके अनुसार, कई किसानों को डराकर उनकी जमीनों पर जबरन खनन कराया गया। हाल ही में खनन माफिया द्वारा ग्रामीणों को धमकाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। सूत्रों के मुताबिक, संबंधित फर्म पर जिला प्रशासन पहले भी कार्रवाई कर चुका है और उसे ब्लैकलिस्ट भी किया गया था। इसके बावजूद अवैध खनन का कार्य खुलेआम जारी था। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। जब्त किए गए वाहनों को पुलिस के कब्जे में दे दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राजस्व क्षति का आकलन कर जुर्माना भी लगाया जाएगा। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अवैध खनन की सूचना दें।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *