समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में पिछले 15 दिनों के भीतर सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है। इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। प्रत्येक दुर्घटना के बाद मुआवजे और तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग को लेकर सड़क जाम किया गया, जिसके बाद प्रशासन के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। पहली घटना 12 नवंबर को वृंदावन में हुई, जहां मॉर्निंग वॉक से लौट रहे संतोष सिंह के ससुर अरुण सिंह को एक हाईवा ने कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जो घंटों बाद प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त हुआ। इसके बाद 14 नवंबर को सरमस्तपुर निवासी संजीव कुमार झा को धमनी के निकट एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और फरार हो गया। संजीव कुमार झा की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई। तीसरी घटना 23 नवंबर को बाजिदपुर पंचायत के फरसा चौक के निकट एनएच 122 बी पर हुई। सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने राजेंद्र महतो की पत्नी सुगनी देवी को टक्कर मार दी। सुगनी देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। चौथी घटना 24 नवंबर को शेरपुर गांव में इसी सड़क पर हुई। मनोज साह की सास और मनसुरचक के मंदा निवासी राजेंद्र साह की पत्नी अरहुल देवी को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद भी मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम किया गया, जो आश्वासन मिलने पर समाप्त हुआ। नवीनतम घटना 29 नवंबर को मरवा ढाला के समीप इसी सड़क पर हुई। शाम के समय एक बाइक पर सवार चार युवकों ने तेज रफ्तार से आकर सड़क किनारे पेशाब कर रहे वृद्ध मो. शमीम उर्फ फूलो को जोरदार टक्कर मार दी। मो. शमीम की रविवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बाइक को पकड़कर शव के साथ मुआवजे और तेज रफ्तार पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
https://ift.tt/u4eRXVC
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply