राजधानी लखनऊ से श्रीनगर के बीच सीधी उड़ान सेवा एक बार फिर शुरू होने जा रही है। एयरलाइन कंपनी इसको लेकर यात्रियों की मांग का आकलन कर रही है। माना जा रहा है कि एक से डेढ़ महीने के भीतर यह सेवा दोबारा शुरू हो सकती है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले भी मिली थी जबरदस्त प्रतिक्रिया दरअसल, पिछले साल 30 मार्च को इंडिगो एयरलाइंस ने लखनऊ से श्रीनगर के लिए सीधी फ्लाइट शुरू की थी। शुरुआत के करीब 20 दिनों तक इस सेवा को शानदार रिस्पॉन्स मिला और दोनों ओर से विमान फुल रहे। इससे साफ था कि इस रूट पर यात्रियों की अच्छी मांग है। हमले के बाद घट गई थी यात्रियों की संख्या लेकिन पहलगाम में आतंकी हमले के बाद हालात बदल गए। यात्रियों की संख्या तेजी से घटी और औसतन 180 से घटकर सिर्फ 35 रह गई। लगातार घाटे के चलते एयरलाइन ने 6 मई 2025 को यह सेवा बंद कर दी। यह फ्लाइट करीब 35 दिन ही संचालित हो सकी थी। कनेक्टिंग फ्लाइट्स पर बढ़ी निर्भरता सीधी सेवा बंद होने के बाद लखनऊ से श्रीनगर जाने वाले यात्रियों को दिल्ली के रास्ते कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ रही है। इससे यात्रा का समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी की छुट्टियों में मिलेगा फायदा सूत्रों के मुताबिक, अब दोबारा इस सेवा को शुरू करने के लिए सर्वे किया जा रहा है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही उड़ान सेवा शुरू हो सकती है। इससे खासकर गर्मी की छुट्टियों में कश्मीर जाने की योजना बना रहे यात्रियों को सीधा और सस्ता विकल्प मिल सकेगा।

Leave a Reply