जालौन जिले में एक महिला ने अपने पति पर दूसरी शादी करने और उसे बेसहारा छोड़ने का आरोप लगाया है। कोतवाली जालौन के ग्राम एदलपुरा निवासी सुनीता ने सोमवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। सुनीता ने बताया कि उसकी शादी करीब तीन वर्ष पहले आकाश कुमार पुत्र मुन्नालाल अहिरवार निवासी इंगुई कला, थाना एट से हुई थी। यह विवाह कोर्ट मैरिज के जरिए संपन्न हुआ था, जिसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से मंदिर में भी शादी की गई। शादी के बाद सुनीता अपने पति आकाश के साथ उसके घर में रही। कुछ समय बाद दोनों रोजगार के लिए बेंगलुरु चले गए, जहां वे साथ रह रहे थे। आकाश कभी-कभी उरई स्थित अपने माता-पिता के पास आता-जाता था और कुछ दिनों में सुनीता के पास वापस लौट आता था। सुनीता का आरोप है कि 15 सितंबर 2025 को आकाश बेंगलुरु से उरई आया था और 4-5 दिन में वापस आने की बात कहकर गया था। लगभग 45 दिन बाद, सुनीता ने आकाश की बहन की फेसबुक आईडी पर आकाश की शादी की तस्वीरें किसी अन्य महिला ‘रोशनी’ के साथ देखीं। सुनीता ने तुरंत आकाश को फोन किया। पहले उसने तस्वीरों को झूठा बताया और बाद में अपना फोन बंद कर लिया। सुनीता ने आकाश के माता-पिता और रिश्तेदारों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सभी ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। उसका मायके पक्ष भी उसे स्वीकार नहीं कर रहा है। पीड़िता ने 18 अक्टूबर 2025 को अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। कोई कार्रवाई न होने पर वह 25 अक्टूबर को एसपी कार्यालय भी पहुंची थी। सुनीता का कहना है कि अब तक इस मामले में किसी तरह की सुनवाई या जांच शुरू नहीं की गई है। सुनीता ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उसके पति आकाश द्वारा पहली पत्नी रहते हुए दूसरी शादी करने की जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और उसे न्याय दिलाया जाए। पीड़िता का कहना है कि दोषी को जेल भेजा जाए, ताकि उसे इंसाफ मिल सके।
https://ift.tt/Xmep4Sw
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply