लखीमपुर खीरी के मैगलगंज क्षेत्र से 48 वर्षीय कालीचरण यादव 12 फरवरी की रात से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। करीब 50 दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजन लगातार उनकी तलाश और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मितौली क्षेत्राधिकारी यादुवेंद्र यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह की अगुवाई में बनी इस टीम में बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और फील्ड यूनिट को भी शामिल किया गया है। सर्च ऑपरेशन में पवन कुमार सिंह, पवन कुमार पांडेय, सूर्यप्रताप सिंह, इकरार खां और सुखवीर सिंह समेत कई पुलिसकर्मी लगे हैं। इसके अलावा एसआई मोइन अहमद, अनिल तिवारी, देवेंद्र सिंह यादव और सिद्धांत पवार भी लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं। पुलिस द्वारा तमाम तकनीकी और जमीनी संसाधनों का उपयोग करने के बावजूद अब तक कालीचरण यादव का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। लगभग दो माह बीतने को हैं, लेकिन इस रहस्यमयी गुमशुदगी की गुत्थी अब तक सुलझ नहीं पाई है। इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी कालीचरण का पता क्यों नहीं चल पा रहा है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि टीम लगातार जांच और सर्च ऑपरेशन में जुटी है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply