उन्नाव में नवरात्रि के सातवें दिन दुर्गा के स्वरूप मां कालरात्रि की नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर मंदिरों में मां के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गांधी नगर स्थित काली मंदिर में मां कालरात्रि का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर के पुजारी ने विधि-विधान से देवी का श्रृंगार किया, जिसके बाद देवी भक्तों ने आदि शक्ति मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। दर्शनार्थियों के लिए मां के दरबार को भव्य रूप से सजाया गया था। दिन भर मंदिरों और घरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ चलता रहा। मंदिरों में बज रहे मां के भक्ति गीतों और भजनों से पूरा नगर भक्तिमय बना रहा। भक्तों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चना कर मां से अपनी मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की। दुर्गा मंदिर के पंडित विनोद पांडे ने बताया कि मां कात्यायनी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने से ऐच्छिक मनोकामनाएं पूरी होती हैं। भक्तों ने उपवास रखकर और दुर्गा सप्तशती का पाठ करके मां को प्रसन्न किया।
नगर के अन्य प्रमुख देवी मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की गई। इनमें कंचन नगर स्थित कंचनामाई मंदिर, महेश मार्ग स्थित सिद्धिधात्री मंदिर, डाकतार कॉलोनी स्थित सोमा गौरी मंदिर, बिन्दानगर स्थित दुर्गा मंदिर, बालूघाट स्थित गायत्री शक्तिपीठ, पोनीरोड झंडे चौराहा स्थित झंडेश्वर मंदिर, गंगा विशुनघाट दुर्गा मंदिर और शंकरपुर काली मंदिर शामिल हैं।

Leave a Reply