DniNews.Live

मैनपुरी में 8 माह की गर्भवती की हत्या:पिटाई और 5 लाख दहेज मांग का आरोप, 14 माह पहले हुई थी शादी

मैनपुरी के घिरोर क्षेत्र स्थित नगला मान गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका आठ माह की गर्भवती थी। उसकी मौत आगरा में इलाज के दौरान हुई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर 5 लाख रुपये दहेज मांगने, प्रताड़ित करने और मारपीट का आरोप लगाया है। मृतका के भाई अवनीश, जो कुरावली थाना क्षेत्र के महादेवा गांव के निवासी हैं, ने बताया कि उनकी बहन शिवानी उर्फ शिल्पी की शादी 30 जनवरी 2023 को घिरोर के नगला मान निवासी उपदेश से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग 5 लाख रुपये दहेज की मांग करने लगे। अवनीश ने आरोप लगाया कि पति उपदेश, सास पूनम, ससुर रामप्रसाद, जेठ आदेश और जेठानी रंजना मिलकर शिवानी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। परिजनों के अनुसार, इस मामले को लेकर कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। अवनीश का आरोप है कि सोमवार को ससुराल पक्ष ने शिवानी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया, ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके।
मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे मायके पक्ष को सूचना मिली कि शिवानी की आगरा के एक अस्पताल में मौत हो गई है। जब वे आगरा पहुंचे, तो उन्हें शिवानी का शव मिला, लेकिन ससुराल पक्ष के सभी लोग मौके से फरार थे।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में आरोपी ससुराल पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी अनुज चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *