फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बिजाधरपुर गांव में रविवार को नए विद्युत उपकेंद्र का भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उपकेंद्र का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता अजय कुमार और अधिशाषी अभियंता (शहरी) ब्रजभान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि उनके पिता के समय ‘रोटी, बिजली, पानी, ब्रह्मदत्त की यही निशानी’ का नारा चलता था। उन्होंने बताया कि उसी दिशा में काम करते हुए क्षेत्र की जनता के लिए बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तीन दर्जन ट्रांसफॉर्मर पहले ही स्वीकृत हो चुके हैं। हाल ही में जसमई विद्युत उपकेंद्र का भूमि पूजन भी किया गया था, जो 7.5 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। बिजाधरपुर उपकेंद्र से बिजाधरपुर, धन्सुआ, रमपुरा निनौआ, पपियापुर, सातनपुर, नारायनपुर, भाऊपुर, कलान नगला, टिकुरियन नगला, अर्जुन नगला, कीरतपुर, फतेहगढ़ और कुटरा बनखडिया जैसे गांवों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। मेजर द्विवेदी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य की दैनिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा और जनता को इसका लाभ मिलेगा। इसके अलावा, क्षेत्र में अंडरग्राउंड सीवरेज के लिए भी बजट स्वीकृत हो चुका है। विधायक ने कहा कि आने वाली गर्मी में विधानसभा क्षेत्र में किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए पूरी योजना बनाई जा रही है। 2027 तक जनता को 24 घंटे बिजली सप्लाई देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विधानसभा क्षेत्र में करीब 70 किलोमीटर जर्जर लाइनों को बदलना जरूरी है और नए तार लगवाए जाएं। मेजर द्विवेदी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसा कार्य करें कि क्षेत्र की जनता और प्रशासन दोनों अधिकारियों के काम की सराहना करें। उन्होंने कहा, हमारा संकल्प है कि विधानसभा क्षेत्र की जनता को अधिक से अधिक बिजली की सप्लाई दिलाना है।
https://ift.tt/MB7AUyF
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply