फतेहपुर में में मंगलवार शाम पड़ोसी ने महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना के समय महिला की तीनों बेटियां मौके पर मौजूद थीं। वे चीख-चीखकर मां की जान बचाने के लिए गांव वालों से मदद की गुहार लगाती रहीं, लेकिन कोई नहीं आया। आरोपी, महिला के पेट में ही चाकू फंसाकर भाग गया। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची। महिला ने वहीं दम तोड़ दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों और गांव वालों से मामले की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक बेटी मां की लाश पकड़कर रोती रही। वह मम्मी…मम्मी चिल्ला रही थी। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला… कोंडरवा गांव में जय सिंह परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां हैं। मंगलवार शाम को घर के बाहर जय सिंह की पत्नी मिथलेश यादव की पड़ोसी सोनू यादव (40) ने चाकू मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर एसपी अभिनव मांगलिक, एएसपी महेंद्र पाल सिंह, सीओ प्रमोद कुमार शुक्ला सहित कई थानों की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिथलेश की जेठानी निर्मला देवी ने बताया- उनकी देवरानी भागते हुए आई थीं। बताया, सोनू हमला करने आ रहा है। इसी बीच सोनू वहां पहुंच गया और पेट, गले और पीठ पर चाकू से कई वार कर दिए। रोकने की कोशिश के बावजूद आरोपी नहीं रुका। हत्या कर वहां से फरार हो गया। तीन बेटियों पर टूटा दुखों का पहाड़ मिथलेश की तीन बेटियां है। इनमें अंजली (कक्षा 3), श्रेया (कक्षा 2) और आकांक्षा (केजी) हैं। उनके पिता जय सिंह मुंबई में काम करते थे। हाल ही में होली पर घर आए थे। बेटी अंजली के अनुसार, सोनू का उनके घर आना-जाना था। उसने उनकी मां का अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था और जांच में सामने आया कि आरोपी ने फर्जी आईडी से वीडियो पोस्ट किया था। इसी रंजिश में उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी महिला के जेवर भी ले गया था। बताया गया कि सोनू कोई स्थायी काम नहीं करता था और ट्रैक्टर से स्टंट कर रील बनाने का शौक रखता था। एसपी अभिनव मांगलिक ने बताया- आरोपी और महिला के घर पास-पास हैं। अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। ————————– ये खबर भी पढ़ें… प्रयागराज में पूर्व मंत्री का कोल्ड स्टोरेज ढहा,4 की मौत, मलबे से 17 लोगों को बाहर निकाला गया उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे तेज धमाके के बाद कोल्ड स्टोरेज की एक बिल्डिंग ढह गई। मलबे में करीब 20 से अधिक मजदूर दब गए। हादसे में 4 मजदूरों की मौत हुई है। मरने वालों में पिलत चौधरी, मशींदर, ज्योतिष और जगदीश शामिल हैं। जगदीश प्रयागराज और बाकी तीनों बिहार के रहने वाले थे। अब तक 17 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। पढ़ें पूरी खबर

Leave a Reply