आगरा के बुद्ध पार्क में चल रहे सौंदर्यकरण कार्य ने अब अंतरराष्ट्रीय ध्यान आकर्षित करना शुरू कर दिया है। जापान, थाईलैंड और न्यूज़ीलैंड से आए बौद्ध संतों के प्रतिनिधिमंडल ने पार्क का दौरा कर इसकी सराहना की और इसे भविष्य का वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र बताया।
कालिंदी विहार रोड स्थित बुद्ध पार्क में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कराए जा रहे वर्ल्ड क्लास सौंदर्यकरण कार्य को देखने अंतरराष्ट्रीय बौद्ध संतों का दल पहुंचा। यह दौरा अखिल भारतीय जाटव समाज संस्था के ज्ञापन पर सकारात्मक कार्रवाई के बाद संभव हुआ।
प्रतिनिधिमंडल में थाईलैंड, जापान और न्यूज़ीलैंड के संत शामिल रहे, जिसका नेतृत्व थाईलैंड के फ्रा आमनत इति तोचे ने किया। उनके साथ फ्रा बुन्चेरे बुद्ध सारो, फ्रा थमानून धम्म टिन्नो और फ्रा सोमजय चोटीटुम्मों मौजूद रहे।
संतों ने पार्क में चल रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भारत भगवान बुद्ध की पवित्र भूमि है, जिसे दुनियाभर में सम्मान की नजर से देखा जाता है। उनका मानना है कि आगरा का यह बुद्ध पार्क आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन और आध्यात्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सकता है। न्यूज़ीलैंड के फ्रा बुन्चेरे बुद्ध सारो ने बताया कि वे पहले वकील थे और कई बार पैदल बोधगया यात्रा कर चुके हैं। बाद में उन्होंने धम्म दीक्षा लेकर शांति का संदेश फैलाना शुरू किया। वहीं, थाईलैंड के फ्रा सोमजय चोटीटुम्मों, जो विपश्यना में पीएचडी धारक हैं, अब लोगों को मानसिक शांति और आत्मिक विकास का प्रशिक्षण दे रहे हैं। जापान के फ्रा थमानून धम्म टिन्नो भी बुद्ध के शांति और अहिंसा के संदेश के प्रचार में सक्रिय हैं और भारत में सेवा कार्यों से जुड़े हैं। सभी संत थाईलैंड के सीरी रतनाथम्मारम बुद्ध विहार से संबद्ध हैं। संतों ने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की सराहना करते हुए बुद्ध पार्क को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने के लिए साधुवाद दिया। इस दौरान अखिल भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष नेत्र पाल सिंह, राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार, जिलाध्यक्ष भारत सिंह और महानगर अध्यक्ष अर्जुन सिंह समेत कई लोगों ने संतों का स्वागत किया।

Leave a Reply