DniNews.Live

संभल में बाइक सवार मामा की मौत, भांजी घायल:तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारी, लड़की को घर छोड़ने जा रहा था

संभल में एक सड़क हादसे में बाइक सवार मामा की मौत हो गई, जबकि उनकी भांजी घायल हो गई। पुलिस ने घायल अवस्था में मामा और भांजी को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मामा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है। यह सड़क हादसा जनपद संभल के थाना रायसत्ती क्षेत्र में जोया रोड स्थित गांव ताजपुर के पास हुआ। मृतक की पहचान असमोली थाना क्षेत्र के बिलालपथ गांव निवासी 16 वर्षीय जुबेर पुत्र मुख्तार के रूप में हुई है। वह मंगलवार रात करीब 8 बजे अपनी 14 वर्षीय भांजी शीबा (पुत्री वली मोहम्मद, निवासी मिलक लालबेग, थाना नखासा) को उसके घर छोड़ने जा रहा था। गांव ताजपुर के निकट एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल में डॉक्टरों ने जुबेर को मृत घोषित कर दिया। शीबा का इलाज जारी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। जुबेर के नौ बहनें और तीन भाई हैं, जिनमें से सात बहनों की शादी हो चुकी है। मृतक के भाई मुनियाद अली ने बताया कि जुबेर सिलाई का काम करता था और भांजी को छोड़ने जा रहा था। उन्हें हादसे की जानकारी फोन पर मिली थी। थाना प्रभारी निशांत कुमार राठी ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार एक किशोर की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *