मुरादाबाद की कटघर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 735 ग्राम अवैध चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस को शनिवार शाम 6 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमडीए कॉलोनी स्थित खंडहरों के पास कुछ लोग मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सुनील राठी के नेतृत्व में एक टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने दो लोगों को मौके से ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पकड़े गए आरोपियों के पास से कुल 735 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान गुलफाम पुत्र हनीफ, निवासी रहमतनगर गली नंबर 1, थाना कटघर, और राजू पुत्र सागीर, निवासी ऊंचा गांव, थाना कोतवाली हसनपुर, जनपद अमरोहा के रूप में बताई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा संख्या 141/2026, धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क में शामिल एक अन्य आरोपी इरशाद उर्फ चिकना पुत्र मोहम्मद इकबाल, निवासी रहमतनगर गली नंबर 6, मौके से फरार होने में सफल रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी गुलफाम का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले भी शामिल हैं। वहीं, राजू का कोई पिछला आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्हें जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply