गोंडा जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक मजदूर और एक दुकानदार की जान चली गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है। पहला हादसा कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में हुआ। बेबिया गोसाई पुरवा निवासी 35 वर्षीय विज्ञान पुरी पुत्र जय जय राम गोसाई मजदूरी कर कर्नलगंज कस्बे से घर लौट रहे थे। सरयू रेलवे स्टेशन क्रॉसिंग पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई ज्ञान पुरी ने बताया कि विज्ञान पुरी मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके दो बच्चे मोहिनी और रोशनी हैं। जीआरपी पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए परिवार को घटना की सूचना दी, जिसके बाद घर में मातम छा गया। दूसरी घटना मनकापुर कोतवाली क्षेत्र की है। तेंदुआ कला निवासी 35 वर्षीय नागेश तिवारी पुत्र श्रवण कुमार तिवारी अंधियारी चौराहे के पास जनरल मर्चेंट की दुकान चलाते थे। दिनभर दुकान चलाने के बाद देर शाम वह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी अंधियारी गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल नागेश तिवारी को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कर्नलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय और मनकापुर कोतवाल अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है। मनकापुर कोतवाल ने कहा कि अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।

Leave a Reply