मोदीनगर में रसोई गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज लोगों ने मंगलवार को दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम लगा दिया। यह घटना मोदी मंदिर के सामने स्थित धीरेंद्र गैस एजेंसी पर हुई। बुकिंग के बावजूद सिलेंडर न मिलने से उपभोक्ता आक्रोशित हो गए। एजेंसी पर पहुंचने के बाद लोगों को बताया गया कि रसोई गैस सिलेंडर खत्म हो गए हैं। इस जानकारी के बाद वहां मौजूद उपभोक्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने एसडीएम और थाना प्रभारी को मौके पर बुलाने की मांग की। अधिकारियों के न पहुंचने पर लोगों ने दिल्ली-मेरठ मार्ग को जाम कर दिया। जाम लगने से दिल्ली-मेरठ मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लगभग तीन किलोमीटर तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारी लोगों का आरोप है कि बुकिंग के बावजूद उन्हें रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जबकि एजेंसी संचालक खुलेआम सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहा है। उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालक की तत्काल गिरफ्तारी की भी मांग की। गौरतलब है कि पिछले दिनों एक अधिवक्ता की शिकायत पर तहसील प्रशासन ने धीरेंद्र गैस एजेंसी पर छापेमारी की थी और संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि रसोई गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज लोगों ने हंगामा किया था, जिन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है।

Leave a Reply