DniNews.Live

मथुरा नगर निगम में ‘सम्भव दिवस’ पर जनसुनवाई:स्ट्रीट लाइट, सफाई, अतिक्रमण की शिकायतें प्रमुख रहीं

मंगलवार को मथुरा के भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में ‘सम्भव दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर आयुक्त जग प्रवेश ने जनसुनवाई कर आम जनता की समस्याएं सुनीं। वृंदावन जोनल कार्यालय में सहायक अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक और जनरल गंज स्थित मथुरा-वृंदावन नगर निगम कार्यालय में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार ने भी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। ‘सम्भव दिवस’ में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। नगर निगम के सभी विभागाध्यक्ष इस दौरान मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। भूतेश्वर जोन में कुल 10 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें 4 स्ट्रीट लाइट, 2 अवैध अतिक्रमण, 1 जलकल और 3 सफाई से संबंधित थीं। दो स्ट्रीट लाइट शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वृंदावन जोन में 3 शिकायतें मिलीं, जिनमें 1 नजूल और 2 जलकल विभाग से संबंधित थीं। सिटी जोन में 2 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 1 स्ट्रीट लाइट और 1 हाउस टैक्स से जुड़ी थी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी, कल्पना सिंह चौहान, अनुज कौशिक, अधिशासी अभियंता निर्माण अमरेंद्र गौतम और अधिशासी अभियंता जल राम कैलाश सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *