अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र के गांव जवार में एक अवैध बूचड़खाने पर पुलिस ने कार्रवाई की है। गोरई और इगलास पुलिस ने दबिश देकर बूचड़खाने को सील कर दिया। इस दौरान तीन जीवित भैंसें, एक कटी हुई भैंस और एक बछड़ा बरामद किया गया। चार लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें बूचड़खाने का मालिक भी शामिल है। यह कार्रवाई एसएसपी अलीगढ़ नीरज जादौन के निर्देशों के बाद की गई। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस में गोरई थाना इंचार्ज ज्योति श्रीवास्तव को क्षेत्र में हुई भैंस चोरी की घटनाओं को लेकर दो दिन के भीतर भैंस बरामद करने के सख्त निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत, गोरई थाना इंचार्ज ज्योति श्रीवास्तव ने गांव जवार में दबिश दी। दबिश के दौरान अवैध बूचड़खाना संचालित होता मिला। पुलिस ने मौके से तीन जीवित भैंसें, एक कटी हुई भैंस और एक कटा हुआ बछड़ा बरामद किया। बूचड़खाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों में एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, पशु काटने के औजार और एक टेंपो भी जब्त किया गया। इंस्पेक्टर इगलास अवधेश कुमार ने बताया कि गोरई थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले भैंस चोरी की घटना हुई थी। पुलिस टीम इसकी जांच कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर जवार गांव में गोरई और इगलास पुलिस ने यह कार्रवाई की। बूचड़खाने के मालिक हाजी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चार अन्य व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। जब्त किए गए पशु अवशेषों का डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है। संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply