सहारनपुर नगर निगम में मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न वार्डों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कुल आठ शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से एक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जनसुनवाई में वार्ड 6 हलालपुर-बालपुर से एक गंभीर मामला सामने आया। क्षेत्र के स्कूल शिक्षक राकेश ने लिखित शिकायत में एक व्यक्ति पर अवैध कब्जा कर पैलेस निर्माण करने का आरोप लगाया। अपर नगरायुक्त ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रवर्तन दल प्रभारी को मौके पर जाकर जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वार्ड 27 मोहल्ला रोहिणी गार्डन निवासी विभू काम्बोज ने कॉलोनी में साफ-सफाई न होने की समस्या उठाई। इस पर अपर नगरायुक्त मृत्यंजय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक और सफाई कर्मचारियों को मौके पर भेजा। इसके बाद तत्काल सफाई कराकर समस्या का समाधान किया गया।इसके अतिरिक्त, वार्ड 23 लोहानी सराय निवासी विशाल ने भी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। वार्ड 34 पंजाबी बाग निवासी अरविंद ने विकास स्टील फैक्ट्री के पास खाली प्लॉट में डाले जा रहे गोबर को हटवाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मामले में पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जनसुनवाई में अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। वार्ड 2 बसंत विहार निवासी अनीता कौर और वार्ड 23 निवासी अक्षय तनेजा ने अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की मांग की। इन मामलों में भी प्रवर्तन दल को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।वार्ड 46 शाकुंभरी विहार निवासी दिनेश सैनी ने कॉलोनी में हाई मास्ट लाइट लगवाने की मांग रखी। जनसुनवाई में सहायक नगरायुक्त बिकास धर दुबे, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार और मुख्य अभियंता सुरेश चंद सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply