प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज में हुई दर्दनाक घटना पर समाजवादी पार्टी ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने अपने फेसबुक पोस्ट पर मृतकों और घायलों को आर्थिक मदद देने की बात की है। साथ उन्होंने लिखा है कि सरकार पीड़ितों को मुआवजा दे। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता दान बहादुर सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के निर्देश पर प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। पार्टी के शीर्ष नेता और स्थानीय कार्यकर्ता इससे बेहद आहत हैं। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति की कामना की।
पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर सिंह ने कहा कि यह जांच का विषय है। घटना कैसे और किन परिस्थितियों में घटी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि कोल्ड स्टोरेज को अपने कब्जे में ले या प्रभावित परिवार को सौंपे, क्योंकि वहां लाखों रुपये के आलू रखे हैं जो आम किसानों की मेहनत हैं। इससे किसानों का नुकसान न हो और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो। FIR में कई लोगों के नाम शामिल होने पर निष्पक्ष जांच की मांग की। बिना वजह लोगों के खिलाफ कार्रवाई गलत है। जो भी दोषी पाया जाए, उसे कानूनी सजा मिले, लेकिन निर्दोषों को परेशान न किया जाए। समाजवादी पार्टी इसके लिए संघर्ष करती रहेगी।

Leave a Reply