गोरखपुर से श्रीलंका के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज चामिंडा वास की बुधवार देर शाम को विदाई हुई। MCC हाई परफॉर्मेंस कैंप के दौरान उन्होंने चार दिन तक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को नजदीक से समझा और उनकी कमियों को सुधारने के लिए सीधे मार्गदर्शन किया। खिलाड़ियों और अभिभावकों ने उनके अनुभव और सरल स्वभाव की सराहना की। चामिंडा वास ने खिलाड़ियों को आसान भाषा में गेंदबाजी की तकनीक, फिटनेस और मैच के दौरान सही सोच के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अगर खिलाड़ी रोज अभ्यास करें, धैर्य रखें और अपने खेल पर ध्यान दें, तो आगे बढ़ना आसान हो जाता है। खिलाड़ियों ने भी माना कि उन्हें यहां नई बातें सीखने को मिलीं, जो आगे काम आएंगी। विदाई के समय भावुक हुआ माहौल
प्रकाश क्रिकेट ग्राउंड पर छठे दिन जब वास को विदाई दी गई, तो माहौल भावुक हो गया। खिलाड़ियों ने उनके साथ बिताए समय को खास बताया। वास ने गोरखपुर के लोगों के प्यार और सम्मान के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि मौका मिला तो वह फिर यहां जरूर आएंगे। कैंप का सातवां और अंतिम दिन गुरुवार को होगा। समापन पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर, विनायक सामंत और कोच ज्वाला सिंह सहित कई अनुभवी लोग मौजूद रहेंगे। ये सभी खिलाड़ी युवाओं को आगे बढ़ने के लिए जरूरी सलाह देंगे। पूरी टीम के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
इस कैंप को सफल बनाने में डॉ. विनय सक्सेना की भूमिका अहम रही। उनके साथ राकेश जी और प्रबंधन टीम के रतनदीप, आनंद पाल, सुजीत सिंह, आशीष सिंह और ऋषभ सिंह ने भी पूरी जिम्मेदारी निभाई। स्थानीय कोचों ने भी खिलाड़ियों को लगातार सहयोग दिया, जिससे कैंप सुचारु रूप से चला। करीब 60 खिलाड़ियों ने इस कैंप में हिस्सा लिया। सभी खिलाड़ियों को बड़े स्तर के खिलाड़ी और अनुभवी कोचों से सीधे सीखने का मौका मिला। इससे उनके खेल में सुधार के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ा है। मजबूत हो रहा क्रिकेट का माहौल
ऐसे कैंप से गोरखपुर में क्रिकेट को नई पहचान मिल रही है। स्थानीय खिलाड़ियों को अब बेहतर प्रशिक्षण और मौके मिल रहे हैं, जिससे वे आगे बड़े स्तर पर खेलने के लिए तैयार हो सकें। कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया गया। खास तौर पर विक्रमादित्य गौर के सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए उनकी सराहना की गई। आयोजकों ने कहा कि आगे भी ऐसे कैंप आयोजित किए जाएंगे, ताकि खिलाड़ियों को लगातार बेहतर अवसर मिलते रहें।

Leave a Reply