शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल के नेतृत्व में मंगलवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चंदेल गुट) के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शहर के विभिन्न मूल्यांकन केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान सुभाष स्मारक इंटर कॉलेज, एबी विद्यालय इंटर कॉलेज और डीएवी इंटर कॉलेज में पहुंचकर शिक्षकों से बात भी किया।
दौरे के दौरान शिक्षक विधायक चंदेल ने मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों से कहा कि, उन्होंने विधान परिषद में योगी आदित्यनाथ और केशव प्रसाद मौर्य सहित विभागीय अधिकारियों के समक्ष लगातार शिक्षकों की समस्याएं उठाईं। इसके परिणामस्वरूप कई महत्वपूर्ण मांगें पूरी कराई गईं।
उन्होंने बताया कि संगठन के प्रयासों से वित्तविहीन और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ग्रेच्युटी की सीमा 25 लाख रुपए तक बढ़ाने, विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने और अंकेक्षण पारिश्रमिक दरों में वृद्धि जैसी मांगों पर सफलता मिली है।
चंदेल ने कहा कि अब संगठन की अगली प्राथमिकता 1 अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिलाना, वित्तविहीन शिक्षकों को राजकीय कोषागार से सम्मानजनक मानदेय दिलाना और व्यावसायिक शिक्षकों का समायोजन कराना है। इसके लिए सभी शिक्षकों से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने का आह्वान किया गया।
दौरे में आरपी अवस्थी, डॉ. सत्येंद्र कुमार शुक्ल, नारायण मिश्र, कानपुर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ. अखंड प्रताप सिंह, आरके गुप्ता, राज बिहारी वाजपेई, संजय गुप्ता, बीएन टंडन, बीके अवस्थी, आलोक पांडेय, अशोक सचान, जय राम सिंह, विनय पांडेय, इंद्रजीत सिंह यादव और संरक्षक डॉ. आरपी सिंह सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply