कानपुर के रावतपुर इलाके में रामनवमी के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील माने जाने वाले इस क्षेत्र में निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को डीसीपी वेस्ट एस.एम. कासिम आबिदी और एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ रावतपुर क्षेत्र में रूट मार्च किया। रावतपुर थाना क्षेत्र में हर साल रामनवमी पर बड़ी शोभायात्रा निकलती है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। क्षेत्र की संवेदनशीलता और पूर्व में हुए तनाव को देखते हुए प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। गलियों से लेकर मुख्य मार्ग तक नजर पुलिस ने तंग गलियों और मुख्य मार्गों पर बाइक से रूट मार्च किया। इसका उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही लोगों में भरोसा कायम करना रहा। शोभायात्रा के पूरे रूट पर चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात की जाएगी। पुलिस ने संभावित अराजक तत्वों की पहचान शुरू कर दी है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने दोनों समुदायों के लोगों से बातचीत कर आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। ड्रोन से होगी निगरानी डीसीपी वेस्ट ने बताया कि शोभायात्रा की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी। यात्रा पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बलों की सुरक्षा में निकाली जाएगी। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह या गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और लोगों से सहयोग की अपील की गई है।

Leave a Reply