DniNews.Live

झांसी में धमकी से डरी छात्रा ने खाया जहर, मौत:एक बहन को ले गए, दूसरी से बोले-किसी से बोला तो तुम्हें भी उठा ले जाएंगे

झांसी के मोठ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां चचेरी बहन के अपहरण की घटना की चश्मदीद गवाह बनी बीए की छात्रा ने आरोपियों की धमकियों से डरकर जहर निगल लिया। तीन दिन तक इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पावई गांव निवासी कौशल किशोर अहिरवार की बेटी दीपिका और उनके बड़े भाई बलवीर की बेटी मुस्कान (19) बीए की छात्राएं थीं। 19 मार्च को दोनों चचेरी बहनें दादा के घर से चिरगांव जाने के लिए निकली थीं। दोपहर करीब तीन बजे मैथलीशरण डिग्री कॉलेज के पास रामनगर तिराहे पर पहुंचते ही दो कारों में सवार कुछ युवक वहां आ गए। आरोप है कि उन्होंने दीपिका को जबरन गाड़ी में डालकर अगवा कर लिया।
मुस्कान ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसका मोबाइल छीनकर जमीन पर फेंक दिया और दीपिका को लेकर फरार हो गए। घर पहुंचकर मुस्कान ने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिवार ने दीपिका की तलाश शुरू की। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों को पता चल गया कि मुस्कान चश्मदीद गवाह है। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग नंबरों से उसे फोन कर धमकाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने उसे मुंह बंद रखने की धमकी दी और गवाही देने पर अगवा करने की चेतावनी दी।
इन धमकियों से घबराकर मुस्कान ने 20 मार्च को जहर निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे झांसी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां तीन दिन तक इलाज चला, लेकिन सोमवार रात उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी है। दादा-दादी के साथ रहती थी मुस्कान
मृतका मुस्कान के पिता बलवीर की करीब 15 साल पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। ऐसे में मुस्कान अपने दादा धर्मजीत के साथ ही रह रही थी, जो उसकी पढ़ाई का खर्च उठा रहे थे।
दादा ने बताया कि 18 मार्च को नवरात्र के दौरान घर के बाहर भजन चल रहा था। उसी समय एक आरोपी ने दीपिका को पकड़ने की कोशिश की थी, लेकिन शोर मचाने पर वह भाग गया था। इससे पहले भी आरोपी की नीयत संदिग्ध रही थी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *