महराजगंज के निचलौल ब्लॉक में सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य में डबल भुगतान का मामला सामने आया है। ठूठीबारी स्थित मैत्री हाट बाजार में हुए इस निर्माण कार्य में एक ही वाउचर से दो बार भुगतान किया गया। यह भुगतान निचलौल के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के स्तर से किया गया है। क्षेत्र पंचायत द्वारा कराए गए इस निर्माण कार्य के लिए ‘बाबा बिक्स फिल्ड’ नामक फर्म को भुगतान किया गया था। आरोप है कि 18 अप्रैल 2025 को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर एक ही वाउचर को दो बार अपलोड किया गया। वाउचर संख्या STHSFC/2025-26/P/7 और STHSFC/2025-26/P/8 के जरिए 1,14,904 रुपए की राशि दो बार जारी की गई। जिससे कुल 2,29,808 रुपए का भुगतान हो गया। यह मामला सामने आने के बाद शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंची। उत्तर प्रदेश के उपनिदेशक पंचायती राज ने इसका संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए। इसके बाद महराजगंज के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने एक जांच समिति का गठन किया है। गठित जांच समिति में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण और सिंचाई खंड द्वितीय के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार शामिल हैं। टीम को निर्देश दिया गया है कि वे शिकायतकर्ता की उपस्थिति में मौके पर जाकर और दस्तावेजों की जांच करें। उन्हें एक सप्ताह के भीतर संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। एक ही वाउचर से दो बार भुगतान का यह मामला पंचायत स्तर पर वित्तीय नियंत्रण और निगरानी प्रणाली पर सवाल उठा रहा है। जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह तकनीकी त्रुटि थी, लापरवाही का नतीजा था, या इसमें कोई अनियमितता हुई है।

Leave a Reply