बरेली के देवरानिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय मोहम्मद तालिब की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए तालिब को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, धोरा टांडा निवासी मोहम्मद तालिब चावल का कारोबार करते थे और अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार शाम वह मोटरसाइकिल से किसी काम के सिलसिले में गिरधरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कनमन और देवरानिया के बीच तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तालिब सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। तालिब की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने छह भाइयों में सबसे छोटे थे, जिससे घर में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके।

Leave a Reply