सुलतानपुर के चर्चित कल्याणपुर गोलीकांड का फरार अभियुक्त नितिन तिवारी ने मंगलवार को जौनपुर के सरपतहा थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। सुलतानपुर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। नितिन तिवारी मूल रूप से जौनपुर के सरपतहा थाना क्षेत्र के चौबाहा गांव का निवासी है। कल्याणपुर गोलीकांड के बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस के बढ़ते दबाव और इनाम घोषित होने के बाद उसने अपने गृह जनपद में आत्मसमर्पण करने का निर्णय लिया। नितिन तिवारी के आत्मसमर्पण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह सरपतहा थाने में पुलिस को खुद को सौंपते हुए ‘सही-सलामत’ स्थिति में दिख रहा है। माना जा रहा है कि मुठभेड़ के डर से अभियुक्त ने सार्वजनिक रूप से आत्मसमर्पण की रणनीति अपनाई, ताकि उसकी गिरफ्तारी रिकॉर्ड पर दर्ज हो सके। इस संबंध में सीओ विनय गौतम ने जानकारी दी कि 15 मार्च को अखण्डनगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में हुई मारपीट और गोलीबारी के मामले में अब तक 12 अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि शेष फरार अभियुक्तों पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सीओ गौतम के अनुसार, बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं। पुलिस के लगातार दबाव के कारण ही नितिन तिवारी ने सरपतहा थाने में आत्मसमर्पण किया। अखण्डनगर पुलिस ने उसे वहीं से हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और गोलीकांड से जुड़े अन्य तथ्यों तथा संलिप्त लोगों की पहचान के लिए पूछताछ जारी है।

Leave a Reply