DniNews.Live

सीडीओ ने हरियावां ब्लॉक का निरीक्षण किया:व्यवस्थाएं सुधारने और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए

मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सान्या छाबड़ा ने हरियावां विकास खंड कार्यालय का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण विकास कार्यों की प्रगति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया था। निरीक्षण के दौरान, सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी कक्ष, स्थापना पटल, शिकायत पटल और आवास पटल का जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव को और अधिक व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। सीडीओ ने उपस्थिति पंजिका और भ्रमण पंजिका की जांच की। उन्होंने निर्देशित किया कि ब्लॉक से बाहर जाने वाले प्रत्येक कर्मचारी का विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। सेवा पुस्तिकाओं और जीपीएफ पासबुक का परीक्षण करते हुए, सभी प्रविष्टियों को अंकित करने को कहा गया। जन शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए, उन्होंने खंड विकास अधिकारी को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मनरेगा के तहत आवास लाभार्थियों को 90 दिन का रोजगार उपलब्ध कराने में प्रगति संतोषजनक न मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने 31 मार्च तक लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने एनआरएलएम के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के गठन, बैंक लिंकेज और मानदेय भुगतान की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्लॉक परिसर में संचालित प्रेरणा कैंटीन को उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने तथा खाली भूमि पर पौधरोपण कर फलदार व फूलदार पौधे लगाने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी डॉ. रत्नेश सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *