DniNews.Live

उद्योग बंधु बैठक में लोन स्वीकृति पर फोकस:सुल्तानपुर में नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना पर चर्चा, दुकानों के आवंटन पर विवाद

सुलतानपुर में जिला उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक अपर जिलाधिकारी प्रशासन, वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में उद्यमियों को उद्योग लगाने हेतु बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृति और वितरण की धीमी गति पर चिंता व्यक्त की गई। उद्योग विभाग द्वारा विभिन्न बैंक शाखाओं में प्रेषित अधिकतर आवेदन पत्र लंबित हैं, जबकि वित्तीय वर्ष 31 मार्च को समाप्त हो जाएगा। बैंकों को अधिक से अधिक पत्रावलियां स्वीकृत एवं वितरित करने का निर्देश दिया गया। प्रदेश महामंत्री रवीन्द्र त्रिपाठी ने सुल्तानपुर में नए औद्योगिक क्षेत्र को शीघ्र स्थापित एवं विकसित करने की मांग की। इस पर बैठक में बताया गया कि सदर तहसील के सरकंडेडीह ग्राम में नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना हेतु जमीन चिन्हित कर ली गई है और स्थापना की कार्यवाही चल रही है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने इस संबंध में नगर पालिका परिषद को तत्काल आदेश जारी किया। व्यापारी विनोद जायसवाल ने सुपर मार्केट में अवैध पार्किंग, साफ-सफाई की कमी, अवैध ई-रिक्शा एवं टैक्सी स्टैंड के संचालन का मुद्दा उठाया। उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर की दुकानों के आवंटन में नगर पालिका परिषद द्वारा कथित हेरफेर के प्रयास पर भी अवगत कराया। जायसवाल ने बताया कि सिर्फ फाइनेंसिंग स्कीम के तहत बनी दुकानों का आवंटन अन्य लोगों को करने का प्रयास किया गया, जिसके संबंध में उच्च न्यायालय में अपील की गई है। सदन में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर से प्रस्ताव पारित किया कि जिन लोगों का पैसा पहले जमा है और जिनके पैसे से दुकानों का निर्माण हुआ है, उन्हें ही दुकानें आवंटित की जाएं। विनोद जायसवाल ने यह भी मांग की कि जर्जर दुकानों की गुणवत्ता की जांच टेक्निकल टीम से करवाई जाए, क्योंकि कई दुकानों की गुणवत्ता इतनी खराब है कि उनकी मरम्मत संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मरम्मत के बाद ही दुकानों के आवंटन पर विचार किया जाना चाहिए। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री अनूप श्रीवास्तव ने नगर में घूम रहे छुट्टा जानवरों पर अंकुश लगाने की मांग की।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *