DniNews.Live

सोनभद्र की 339 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित:विश्व क्षय रोग दिवस पर प्रधानों को मिला सम्मान

सोनभद्र में विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर ग्राम प्रधान सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विकास भवन परिसर स्थित डीपीआरसी में हुए इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीडीओ जागृति अवस्थी और सीएमओ डॉ. पीके राय ने सैकड़ों ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रधानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिले की कुल 339 ग्राम पंचायतें अब टीबी मुक्त घोषित हो चुकी हैं। सीएमओ डॉ. पीके राय ने बताया कि इन 339 गांवों में पिछले एक साल से अधिक समय से टीबी का कोई नया मरीज सामने नहीं आया है। साथ ही, पहले से चिह्नित मरीजों के स्वस्थ होने की दर भी काफी अच्छी रही है। स्वास्थ्य विभाग ने भारत सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार इन गांवों को टीबी मुक्त घोषित किया है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सोनभद्र में वर्ष 2023 में 13, वर्ष 2024 में 76 और नवीनतम आंकड़ों के अनुसार 250 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित की गई हैं। कुल मिलाकर, जिले की 339 ग्राम पंचायतें अब टीबी मुक्त हो चुकी हैं। इनमें 27 ग्राम पंचायतें ऐसी भी हैं, जो सर्वे में दूसरी बार टीबी मुक्त घोषित की गई हैं। टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत, चिह्नित मरीजों को निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उनके खानपान के लिए प्रति माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। मरीजों को खोजने में मदद करने वाले व्यक्तियों को सरकार प्रोत्साहन राशि प्रदान कर रही है।
विभिन्न संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और सक्षम लोगों को टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके स्वस्थ होने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इन गांवों में पहले से चिह्नित टीबी मरीजों और उनके संपर्क में आने वाले लोगों की लगातार निगरानी भी की जा रही है। सीएमओ डॉ. पीके राय ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय राज्य स्वास्थ्य मंत्री अनुप्रिया पटेल द्वारा 100 दिवसीय टीबी खोज अभियान का शुभारंभ किया गया है। जिले में भी इस अभियान को चलाकर टीबी रोगियों की पहचान करने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इस मौके पर जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, एसीएमओ डॉक्टर प्रेमनाथ, डाक्टर जीएस यादव, डाक्टर गिरधारी लाल, डाक्टर कीर्ति आजाद बिंद, डीपीएम रिपुंजय श्रीवास्तव, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा, सतीश सोनकर, बिमल, अभिमन्यु दुबे, विजय यादव, अखिल मल्होत्रा, बिमल सिंह, शावेज़ अहमद, हरि मोहन आदि मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *