DniNews.Live

लखनऊ में 4 गैस सिलेंडर के साथ युवक गिरफ्तार:फूड डिपार्टमेंट ने कराई FIR, 1 दर्जन से अधिक एजेंसियों पर छापेमारी

लखनऊ में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाया। अलग-अलग टीमों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में गैस एजेंसियों और गोदामों का निरीक्षण किया। इसी दौरान हजरतगंज में संदिग्ध तरीके से 4 सिलेंडर ले जा रहे एक युवक को पकड़कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जिला प्रशासन के निर्देश पर तहसील बीकेटी में उपजिलाधिकारी कुमार सौरभ और पूर्ति निरीक्षक की टीम ने आधार खेड़ा स्थित जनता कमर्शियल एचपी गैस गोदाम का निरीक्षण किया। नगरीय क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने अभियान चलाते हुए आलमबाग, चौक और राजाजीपुरम समेत कई इलाकों में गैस एजेंसियों की जांच की। प्रशासन का फोकस स्टॉक, वितरण प्रणाली और उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करना रहा। 4 गैस सिलेंडर बरामद निरीक्षण अभियान के दौरान महात्मा गांधी मार्ग (मोती महल रोड) पर एक संदिग्ध दोपहिया वाहन से 4 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। जांच में वाहन मालिक की पहचान गौरव यादव निवासी टीजी हॉस्टल, खदरा के रूप में हुई। प्राथमिक जांच में मामला गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी से जुड़ा पाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू की। आलमबाग और चौक में एजेंसियों की गहन जांच नगरीय क्षेत्र की टीम-1 के तहत एसीएम-3 अशोक कुमार चौरसिया ने आलमबाग स्थित शीला गैस सर्विस और सूरज गैस सर्विस का निरीक्षण किया। टीम-2 ने चौक क्षेत्र में चिराग गैस एजेंसी और जनता एचपी गैस गोदाम की जांच की। अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, बुकिंग रिकॉर्ड और वितरण प्रक्रिया की बारीकी से पड़ताल की। राजाजीपुरम समेत कई स्थानों पर जांच टीम-3 के तहत क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने राजाजीपुरम, पाल तिराहा, तेजा खेड़ा और लाल कोठी क्षेत्र में गैस वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया।
इन स्थानों पर गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी और संभावित अनियमितताओं की जांच की गई। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत दर्ज होगी एफआईआर प्रकरण को गंभीर मानते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। जांच टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी परवेज अख्तर और पूर्ति निरीक्षक हर्ष मिश्र भी शामिल रहे, जिन्होंने मौके पर कार्रवाई को अंजाम दिया। आपूर्ति व्यवस्था सुधारने पर प्रशासन का जोर जिला प्रशासन का कहना है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अनियमितताओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी इस तरह के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *