DniNews.Live

ब्रेक फेल ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर:दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बाइक-स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त, लोग बाल-बाल बचे

मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे–58 पर मंगलवार को उस वक्त बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब ब्रेक फेल होने के कारण एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक समेत कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के बागोवाली बाईपास पर हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक के ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। अनियंत्रित ट्रक ने पहले एक बाइक को कुचल दिया और फिर स्कॉर्पियो व ऑल्टो कार समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई, जबकि अन्य वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि बाइक सवार युवक और युवती इस भीषण हादसे में बाल-बाल बच गए। युवक को मामूली चोटें आईं, लेकिन अपनी बाइक की हालत देखकर वह भावुक हो गया और मौके पर ही रो पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे संभालते हुए ढांढस बंधाया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने लगा, लेकिन वहां मौजूद राहगीरों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। हालांकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और चालक को भीड़ के गुस्से से बचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *