रामपुर के मसवासी चौराहे पर एक तेज रफ्तार अज्ञात काले रंग की कार ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यक्ति करीब 15 फीट दूर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान जरीफ अहमद के रूप में हुई है। जो पेशे से नाई थे। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। मृतक के परिजनों के अनुसार, जरीफ अहमद सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। थाना प्रभारी टांडा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply