उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक 28 वर्षीय युवक का शव गेहूं के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के गले में प्लास्टिक की रस्सी कसी हुई पाई गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अफोई स्थित हिंदुस्तान पेट्रोल पंप के सामने एक निजी ट्यूबवेल के पास हुई। किसान अतहर के गेहूं के खेत में बुधराम पुत्र छेददू (28) का शव पड़ा हुआ मिला, जिसे देखकर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उन्होंने पाया कि मृतक के गले में प्लास्टिक की रस्सी कसकर बांधी गई थी। पुलिस ने शव को तुरंत कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान खागा कोतवाली क्षेत्र के एलाई गांव निवासी बुधराम के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि बुधराम एलाई से यहां कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय है। मृतक के चार भाई हैं, जिनके नाम बच्चा, अवधेश और गुड्डू हैं। परिजनों ने गले में रस्सी मिलने पर हत्या या आत्महत्या की आशंका जताई है। इस मामले में थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे खेत में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply