कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में आगे चल रही कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के ड्राइवर साइड के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना के चलते कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर थाने भिजवाया। बाल-बाल बचे कार सवार मूल रूप से औरैया निवासी धर्मेंद्र पाठक, जो एक प्राइवेट कर्मचारी हैं, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपने परिवार के साथ प्रयागराज जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार सचेंडी क्षेत्र के भौती स्थित दीपू चौहान ढाबे के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित हो गई, हालांकि पलटने से बच गई। हादसे के दौरान कार सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। पीड़ित धर्मेंद्र पाठक ने तुरंत 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सचेंडी थाना पुलिस ने स्थिति को संभाला और जाम खुलवाया। सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि ट्रक चालक फरार है। वाहन नंबर के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply