कन्नौज जिले में एक एम्बुलेंस ड्राइवर पर प्रसूता को अस्पताल ले जा रही युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। यह घटना छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। गांव में एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए अस्पताल ले जाने हेतु एम्बुलेंस बुलाई गई थी। रात करीब 11 बजे आशा कार्यकत्री ने प्रसूता की मदद के लिए अपनी बेटी को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा। आरोप है कि अस्पताल जाते समय रास्ते में एम्बुलेंस ड्राइवर ने युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने इसका विरोध किया और जब ड्राइवर नहीं माना, तो उसने उसे थप्पड़ मार दिया।
युवती द्वारा शिकायत करने की धमकी देने पर ड्राइवर कथित तौर पर बौखला गया और उसने युवती को देख लेने की धमकी दी। एम्बुलेंस के छिबरामऊ अस्पताल पहुंचते ही युवती ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। मंगलवार सुबह युवती की मां ने 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही एम्बुलेंस ड्राइवर फरार हो गया। युवती ने पुलिस को लिखित तहरीर दी है और आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह एम्बुलेंस में आगे केबिन में बैठी थी और ड्राइवर ने रात के समय अकेले होने का फायदा उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply