मथुरा की गोवर्धन विधानसभा से भाजपा विधायक मेघश्याम सिंह 2022 में पार्टी बदलकर चुनाव जीतने के बाद अपने चार साल के कार्यकाल को “ऐतिहासिक” बता रहे हैं। उनका दावा है कि क्षेत्र में सड़कों का व्यापक नेटवर्क तैयार हुआ है और कई बड़े प्रोजेक्ट जमीन पर उतर रहे हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने विकास कार्यों, अधूरे प्रोजेक्ट और 2027 की रणनीति पर खुलकर बात की। पढ़िए सवाल-जवाब… सवाल: 4 साल में आपने क्या काम किए?
जवाब: विधानसभा में ऐतिहासिक काम हुए हैं। छठीकरा से राधाकुंड रोड को फोरलेन होना था, लेकिन NGT से पेड़ कटान की अनुमति नहीं मिली, इसलिए इसे 10 मीटर चौड़ा कराया गया। गोवर्धन चौराहा से गोवर्धन तक बेहद सुंदर सड़क बनाई गई है। मंडी से सौंख, जजमपट्टी से सौंख और बरसाना से गोवर्धन तक सड़कों का पूरा जाल बिछा दिया गया है। क्षेत्र में अब एक भी सड़क टूटी नहीं है। सवाल: ऐसा कौन सा काम है, जिसे कराना चाहते थे लेकिन नहीं हो पाया?
जवाब: गोवर्धन में 50 एकड़ जमीन पर मल्टी हब बनाया जा रहा है, जिसमें होटल, अस्पताल और मंडी जैसी सुविधाएं एक ही जगह मिलेंगी। जचौंदा में 25 एकड़ में शिल्प ग्राम विकसित हो रहा है। वाटी गांव में 500 बच्चों के लिए आवासीय CBSE स्कूल बनाया गया है। इसके अलावा बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए 98 करोड़ की लागत से जर्जर तार बदले गए और ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई गई। सवाल: अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि किसे मानते हैं?
जवाब: जल जीवन मिशन का काम 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है, यह सबसे बड़ी उपलब्धि है। इसके अलावा गोवर्धन-बरसाना रोड पर रेल फाटक की समस्या के समाधान के लिए ब्रिज (ROB) का काम शुरू हो चुका है। एक और ROB जुलहैंडी में प्रस्तावित है। हमारा लक्ष्य है कि गोवर्धन विधानसभा देश की सबसे बेहतर विधानसभा बने। सवाल: गोवर्धन में श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर क्या किया गया?
जवाब: पहले यहां 20 बेड का अस्पताल था, जिसे बढ़ाकर 70 बेड का किया गया है। मथुरा के बड़े अस्पताल से भी ज्यादा OPD और डिलीवरी अब गोवर्धन में हो रही हैं, जिससे यहां की स्वास्थ्य सुविधाएं काफी बेहतर हुई हैं। सवाल: 2027 के चुनाव को लेकर आपकी क्या रणनीति है?
जवाब: हम पार्टी के कार्यकर्ता हैं। पार्टी ने टिकट दिया और जनता ने विधायक बनाया। हम ईमानदारी से काम कर रहे हैं। राजनीति में सेवा के उद्देश्य से आए हैं, आगे का निर्णय पार्टी करेगी। सवाल: क्या आपको टिकट मिलने की उम्मीद है?
जवाब: हमें लगता है कि कोई कमी नहीं है, लेकिन अंतिम फैसला पार्टी का ही होगा।

Leave a Reply