भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल ग्रेटर नोएडा पहुंचे। उन्होंने जेवर में एयरपोर्ट साइट पर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की। यह बैठक नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारियों को लेकर दो चरणों में आयोजित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के बाद वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। बैठक में गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी और जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा मौजूद रहे। इनके अलावा, अलीगढ़ और गाजियाबाद के जनप्रतिनिधि तथा संगठन के कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, जनसहभागिता और आवश्यक व्यवस्थाओं पर गहन चर्चा हुई। सभी पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि आयोजन सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो। इस अवसर पर जेवर विधायक ने कहा कि 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने बताया कि यह एयरपोर्ट क्षेत्र में विकास, रोजगार और नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।

Leave a Reply