उत्तर प्रदेश रोडवेज में संविदा बस चालकों की भर्ती प्रक्रिया का आज दूसरा दिन है। अवध बस स्टेशन परिसर में चल रहे इस रोजगार मेले में पहले दिन अभ्यर्थियों का अच्छा रिस्पॉन्स देखने को मिला। पहले दिन कुल 30 अभ्यर्थियों ने आवेदन कर ड्राइविंग टेस्ट दिया, जिनमें से 26 अभ्यर्थी सफल होकर चयनित हुए। सोमवार से शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन 30 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। दस्तावेजों की जांच के दौरान तीन आवेदन अर्हता के अनुरूप न पाए जाने पर निरस्त कर दिए गए। शेष अभ्यर्थियों को बस चलाने के ट्रायल के लिए बुलाया गया, जिसमें 26 उम्मीदवार सफल रहे। अधिकारियों के मुताबिक, चयनित अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के तहत अनुबंधित किया जाएगा। तीन दिन में 250 पद भरने का लक्ष्य लखनऊ परिक्षेत्र में यह भर्ती प्रक्रिया तीन दिनों तक चलेगी। इस दौरान कुल 250 संविदा बस चालकों की भर्ती की जानी है। आवेदन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लिए जा रहे हैं। मौके पर ही दस्तावेजों की जांच की जा रही है और योग्य अभ्यर्थियों को ट्रायल के लिए भेजा जा रहा है। ट्रायल के बाद सीधे नियुक्ति चारबाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बनारसी राम के अनुसार, ट्रायल में सफल अभ्यर्थियों से 10 हजार रुपए की धरोहर राशि जमा कराई जाएगी। इसके बाद संविदा अनुबंध कर उन्हें ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा। भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा 8 पास रखी गई है। संविदा चालकों को मिलेंगी सुविधाएं क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया- संविदा चालकों और परिचालकों को कई सुविधाएं भी दी जाएंगी। इसमें हर साल परिवार के लिए पांच नि:शुल्क यात्रा पास, दो वर्ष की सेवा के बाद 17 से 20 हजार रुपए तक फिक्स वेतन और एक करोड़ रुपए का बीमा कवर शामिल है। इस योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी का इंडियन बैंक में खाता होना अनिवार्य है। आगे महिला परिचालकों की भर्ती यह भर्ती प्रक्रिया 25 मार्च तक चलेगी। इसके बाद 1 अप्रैल से संविदा महिला परिचालकों की भर्ती भी शुरू की जाएगी, जिससे रोडवेज में महिला कर्मचारियों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply