अलीगढ़ के थाना रोरावर क्षेत्र के मामूद नगर में मंगलवार सुबह एक 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी से मौत हो गई। मृतका की पहचान खुशनुमा के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब आठ बजे पीपल वाली गली में हुई। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा करते हुए पुलिस को बुलाया। मृतका के पिता नसरत, निवासी बारह बीघा, रोरावर ने बताया कि उनकी बेटी खुशनुमा की शादी करीब एक वर्ष पूर्व असरफ से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करता था और आए दिन मारपीट करता था। घटना की सूचना पर रोरावर पुलिस, सीओ मयंक पाठक और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply