मुजफ्फरनगर में महिलाओं की सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मिशन शक्ति फेज-5’ (द्वितीय चरण) के तहत ‘रन फॉर शक्ति’ वूमेन मैराथन का आयोजन किया गया। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित इस मैराथन को एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और आत्मनिर्भर बनते हुए समाज में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करें। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे आयोजन महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी पैदा करते हैं। मैराथन में महिला पुलिसकर्मियों और प्रशिक्षु आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। यह मैराथन पुलिस लाइन से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी और पुनः पुलिस लाइन पर ही समाप्त हुई। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कार्यालय से ऋषिका सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का भाव मजबूत करना और समाज में सकारात्मक संदेश देना था। मुजफ्फरनगर पुलिस ने बताया कि ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को और अधिक मजबूती मिल सके।

Leave a Reply