हरदोई में सोमवार देर शाम एक बीयर पार्टी के बाद घर लौटी 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मां का दावा है कि बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शहर की मील कॉलोनी निवासी गीता देवी ने बताया कि उनकी बेटी नेहा ने फांसी लगाई थी। गीता का आरोप है कि बीयर पार्टी में कुछ लोगों ने उनकी बेटी को परेशान किया था, जिससे नाराज होकर नेहा ने यह कदम उठाया। गीता देवी के मुताबिक, सोमवार शाम वह अपनी बेटी नेहा के साथ एक शख्स से मिलने गई थीं। यह मुलाकात गुजारा भत्ता के मुकदमे के सिलसिले में थी। वहां उस शख्स के अलावा चार अन्य लोग भी मौजूद थे। गीता और नेहा ने सभी के साथ बीयर पी। गीता ने आरोप लगाया कि पार्टी में मौजूद एक शख्स ने उन्हें और बेटी को हिमाचल प्रदेश चलने के लिए 30 हजार रुपये का प्रस्ताव दिया था। पार्टी के बाद मां-बेटी घर लौट आईं। गीता देवी बाथरूम के लिए गईं और जब वापस लौटीं तो नेहा को फंदे पर लटका पाया। उन्होंने तुरंत नेहा को फंदे से उतारा और पहले एक निजी अस्पताल ले गईं। वहां के चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां रात में नेहा को मृत घोषित कर दिया गया। गीता देवी ने बताया कि उनके पहले पति महेश सोनी की करीब 17 साल पहले मौत हो गई थी, जिनसे उनका एक पुत्र पिंटू है। मृतका नेहा भी महेश की पुत्री थी। बाद में उन्होंने अपनी बहन के ननदोई पप्पू से शादी की, जिनसे उनकी कोई संतान नहीं है। पप्पू चाय की दुकान चलाते हैं। पांच साल पहले पप्पू से मनमुटाव होने के बाद वह देहात कोतवाली क्षेत्र की कांशी राम कॉलोनी में रहने लगे थे। गीता ने पति पर गुजारा भत्ता का मुकदमा भी कर रखा है। इस मामले में सीओ अंकित मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply