DniNews.Live

बरेली में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़:पशु तस्करी के दो आरोपी गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी गोवध अधिनियम और आर्म्स एक्ट के मामलों में वांछित थे। सीओ हाईवे शिवम आशुतोष ने बताया कि भोजीपुरा थाने की पुलिस टीम रात में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी शकील उर्फ मूंछ अपने साथियों के साथ ग्राम मझुआ गंगापुर के जंगल में संरक्षित पशु को काटने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में एक गोली सिपाही विपिन के बाजू को छूते हुए निकल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी शकील उर्फ मूंछ और उसके साथी सलीम उर्फ कलिया के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। मौके से आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे और दो कारतूस बरामद हुए हैं। साथ ही पशु को काटने के उपकरण भी मिले। मुठभेड़ के दौरान अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। घायल आरोपियों और घायल सिपाही को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी सलीम उर्फ कलिया के विरुद्ध पूर्व से करीब 12 मामले दर्ज हैं। पुलिस इस प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है और फरार बदमाशों की तलाश जारी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *