बस्ती जिले में सरयू नदी में नहाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। यह घटना मंगलवार को कलवारी टांडा पुल के पास हुई। मृतक की पहचान कलवारी थाना क्षेत्र के चढ़ौआ गांव निवासी अभिषेक (पुत्र पंचम) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अभिषेक मंगलवार सुबह करीब 10 बजे कलवारी टांडा पुल के पास सरयू नदी में नहाने गए थे। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास के लोगों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से अभिषेक को नदी से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल एक निजी वाहन से कलवारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। कलवारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया है कि अभिषेक अपने दो भाइयों में बड़े थे और उनकी तीन छोटी बहनें हैं। वह दिल्ली से अपनी बुआ के घर शादी में शामिल होने के लिए लगभग पांच दिन पहले ही गांव आए थे।

Leave a Reply