DniNews.Live

पीलीभीत में 29 मार्च से शूटिंग प्रतियोगिता:’मिशन शक्ति’ के तहत महिलाओं को विशेष प्रोत्साहन, युवाओं का भी रखा गया ध्यान

पीलीभीत में जिला प्रशासन और जिला राइफल क्लब के तत्वावधान में 29 मार्च से तीन दिवसीय शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने एक प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर इस बार ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत महिलाओं और छात्राओं की भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया गया है। यह प्रतियोगिता पुलिस लाइन स्थित शूटिंग रेंज पर 29, 30 और 31 मार्च 2026 तक चलेगी। इच्छुक प्रतिभागी जिला राइफल क्लब से एंट्री फॉर्म प्राप्त कर प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता को चार मुख्य इवेंट्स में बांटा गया है। इनमें .22 बोर शूटिंग (50 मीटर), .32 बोर शूटिंग (25 मीटर), 12 बोर ट्रैप शूटिंग (10 बर्ड्स) और एयर गन (केवल 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए) शामिल हैं। प्रतिभागियों को माननीय व राजपत्रित अधिकारी, खुली स्पर्धा, स्टेट व नेशनल वर्ग, सीनियर सिटीजन, बालक-बालिका/महिला और गेस्ट जैसी विभिन्न श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छात्राओं और महिलाओं के लिए प्रवेश शुल्क में विशेष रियायत दी गई है। सामान्य वर्ग के लिए प्रति इवेंट शुल्क 500 रुपये निर्धारित है, जबकि महिलाओं और छात्राओं के लिए यह मात्र 100 रुपये होगा। राइफल क्लब के सदस्यों के लिए शुल्क 200 रुपये तय किया गया है। प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं। .22 बोर राइफल के अतिरिक्त अन्य शस्त्र खिलाड़ियों को स्वयं लाने होंगे। रेंज पर अंपायर की अनुमति के बिना शस्त्र लोड करना वर्जित रहेगा। आवेदन के साथ आधार कार्ड और शस्त्र लाइसेंस (यदि लागू हो) की छायाप्रति जमा करना अनिवार्य है। सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने बताया कि इस प्रतियोगिता के बाद कारतूस के खोखे वापस करना अनिवार्य है, अन्यथा कानूनी कार्यवाही की जा सकती है। साथ ही, प्रतियोगिता के दौरान किसी भी प्रकार की अभद्रता पाए जाने पर परिणाम तत्काल निरस्त कर दिया जाएगा।नगर मजिस्ट्रेट ने जनपद के युवाओं और महिलाओं से अपील की है कि वे इस खेल स्पर्धा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करें।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *