बदायूं में सोमवार शाम पेट्रोलिंग पर निकली पावर कॉरपोरेशन की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से प्रहार किए। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर टीम के सदस्यों को पीटते हुए दिख रहे हैं। अवर अभियंता (जेई) की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव जतकी की है। सोमवार शाम अवर अभियंता वीरेंद्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ पेट्रोलिंग कर रहे थे। गांव जतकी के पास 33 केवीए बिजली लाइन पेड़ की टहनियों में फंसी हुई थी, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी। टीम ने टहनियों की छंटाई का काम शुरू किया। एफआईआर के अनुसार, टहनियां काटते समय गांव का निवासी शान मोहम्मद मौके पर पहुंचा। उसने गाली-गलौज करते हुए काम रोकने को कहा और धमकी दी कि यदि पेड़ों की कटाई की गई तो जान से मार देगा। आरोप है कि इसके बाद शान मोहम्मद ने फोन करके आस मोहम्मद और नजीम सहित 6-7 अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। इन सभी ने मिलकर बिजली कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक संविदा कर्मी के हेलमेट पर डंडे से वार किया गया, जिससे वह टूट गया। हमलावरों ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी काम पूरी तरह से रोक दिया। स्थिति बिगड़ते देख बिजली विभाग के कर्मचारियों को अपनी जान बचाकर मौके से हटना पड़ा। इस घटना के कारण 33 केवी फीडर से जुड़े लगभग 200 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में परेशानी का माहौल बन गया। अवर अभियंता वीरेंद्र प्रताप सिंह ने थाना जरीफनगर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply