झांसी में भारतीय जनता पार्टी ने सुधीर सिंह को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। जानकारी मिलते ही समर्थक भाजपा कार्यालय पहुंच गए और ढोल-नगाड़ों के बीच उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उत्साह में सुधीर सिंह को कंधों पर उठा लिया और उनकी जयजयकार की। सुधीर सिंह भी इस सम्मान से बेहद उत्साहित दिखे। उन्होंने कहा कि यह पद उनके लिए नया जरूर है, लेकिन वे वर्षों से पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब एसआईआर अभियान में मजबूत माहौल तैयार करना उनकी प्राथमिकता होगी। इससे पहले सुधीर सिंह भाजपा के बुंदेलखंड-कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रह चुके हैं। छात्र राजनीति और व्यापारिक वर्ग में उनकी मजबूत पकड़ को देखते हुए पार्टी ने उन्हें जिलाध्यक्ष का जिम्मा सौंपा है। बुधवार को उनका नाम घोषित होते ही समर्थकों ने रातों-रात पोस्टर-बैनर तैयार कर कार्यालय के बाहर लगा दिए। गुरुवार सुबह जब सुधीर सिंह भाजपा कार्यालय पहुंचे तो समर्थक पहले से ही ढोल-नगाड़े लेकर मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान सुधीर सिंह ने कार्यकर्ताओं से पार्टी को और अधिक मजबूत करने के लिए साथ मिलकर काम करने की अपील भी की। सुधीर सिंह बोले-ये कोई नई जिम्मेदारी नहीं
जिलाध्यक्ष बनते ही सुधीर सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकार की योजनाओं को जमीन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी जब भी कोई जिम्मेदारी देती है, वे उसे पूरी निष्ठा से निभाते हैं।
सुधीर सिंह ने कहा- पार्टी जहां भेजती है, वहां जाते हैं और कार्यकर्ताओं से मिलते हैं। यह कोई नई जिम्मेदारी नहीं है, यह काम तो हम वर्षों से करते आ रहे हैं। अभी एसआईआर का अभियान चल रहा है। इसमें हमारे कार्यकर्ता माहौल बनाएंगे, बूथ स्तर पर प्रवास करेंगे और जिन वोटरों को अब तक नहीं जोड़ा गया है, उन्हें जोड़ने का काम करेंगे। चौंकाने वाला चयन, कार्यकर्ताओं और जानकारों में चर्चा भाजपा के नए जिलाध्यक्ष के रूप में सुधीर सिंह के नाम की घोषणा सभी के लिए आश्चर्य का विषय रही। इसका कारण यह है कि वे लंबे समय से पर्दे के पीछे रहकर पार्टी संगठन के लिए काम करते रहे, लेकिन जिलाध्यक्ष की दौड़ में उनका नाम कहीं चर्चा में नहीं था।
जब पार्टी ने उनका नाम घोषित किया, तो कार्यकर्ताओं से लेकर राजनीतिक जानकारों तक सभी इस फैसले को समझने की कोशिश करते दिखाई दिए। उनका मानना है कि पार्टी ने सुधीर सिंह को जिम्मेदारी देकर व्यापारिक वर्ग में अपनी पकड़ और मजबूत करने की रणनीति अपनाई है। साथ ही छात्र राजनीति में उनके अनुभव का लाभ भी संगठन को मिलेगा।
https://ift.tt/rjB2yGl
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply