महोबा में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला जागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर इस दौड़ को रवाना किया। इसका उद्देश्य महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना था। इस जागरूकता दौड़ में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं की सक्रिय सहभागिता ने समाज में महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया। दौड़ के दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) शामिल थे। उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और संबंधित कानूनों के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार सिंह सहित कई अन्य अधिकारी व पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। महोबा पुलिस ऐसे जन जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास लगातार कर रही है।

Leave a Reply