बांका के अमरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय वृद्ध महिला कोयली देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बुधवार रात रेफरल अस्पताल में अंतिम सांस ली। मृतका शोभानपुर पंचायत के जनकपुर गांव निवासी स्व. तपेशर मंडल की पत्नी थीं। यह हादसा अमरपुर-बांका मुख्य सड़क मार्ग पर कुंडा पुल के पास हुआ था। हादसे की सूचना मिलते ही उनका इकलौता बेटा विशो मंडल ग्रामीणों के साथ अस्पताल पहुंचा। स्थानीय लोगों के अनुसार, कोयली देवी बेहद गरीब थीं और उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। उनका बेटा मानसिक रूप से कमजोर है, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है और वह दिल्ली में रहती है। घर की खराब स्थिति के कारण कोयली देवी वर्षों से भिक्षा मांगकर अपना गुजारा कर रही थीं। भिक्षा मांगने गई थी महिला मंगलवार को भी कोयली देवी इंगलिश मोड़ क्षेत्र में भिक्षा मांगने गई थीं, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तुरंत अमरपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। मुखिया ने 3 हजार की आर्थिक मदद की घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और परिजनों को तीन हजार रुपए की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया। सूचना मिलने पर अमरपुर थाना के दारोगा मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बांका भेज दिया गया। थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर यूडी केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
https://ift.tt/ljP54CK
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply