उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कोतवाली के ठीक बगल में स्थित तीन अस्थायी दुकानों में चोरी की वारदात हुई है। चोर की यह हरकत पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। यह घटना चैत्र नवरात्रि के दौरान हुई, जब पूजा सामग्री, फूल-माला और श्रृंगार से संबंधित अस्थायी दुकानें लगाई गई थीं। देर रात अज्ञात चोर ने मौके का फायदा उठाते हुए एक-एक कर इन तीन दुकानों को निशाना बनाया। चोर दुकानों से नकदी, नारियल, चुनरी, लाई और श्रृंगार सामग्री सहित हजारों रुपये का सामान चुरा ले गया। पीड़ित दुकानदार रानी गुप्ता ने बताया कि उन्होंने रोजाना की तरह रात में दुकानों को प्लास्टिक तिरपाल से ढककर घर चली गई थीं। सुबह करीब तीन बजे आसपास के लोगों को कुछ आहट महसूस हुई, लेकिन तब तक चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका था। सुबह जब दुकानदार पहुंचे, तो सामान बिखरा मिला और नकदी सहित कई जरूरी वस्तुएं गायब थीं। वहीं, दूसरे दुकानदार रमेश सैनी ने भी अपनी दुकान से नकदी और पूजा सामग्री चोरी होने की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोतवाली के पास ही चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था की कमी को दर्शाता है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें एक युवक दुकान के पास आकर तिरपाल हटाकर सामान चोरी करते हुए स्पष्ट दिख रहा है। फुटेज में आरोपी आराम से वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है, जिससे साफ है कि उसे पुलिस गश्त का कोई डर नहीं था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दुकानदारों से तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply