पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सादिया लाडपुर में गौकशी का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह एक गन्ने के खेत में गोवंश के अवशेष मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह सादिया लाडपुर के पास गन्ने के खेत में गोवंश के अवशेष देखे। यह खबर तेजी से पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिसके बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए। उन्होंने गौतस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (CO) प्रगति चौहान और थानाध्यक्ष संजीव कुमार शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने गन्ने के खेत का गहन निरीक्षण किया और गोवंश के अवशेषों को अपने कब्जे में लिया। साक्ष्यों को सुरक्षित करने के लिए पशु चिकित्सकों की टीम को भी बुलाया गया। सीओ प्रगति चौहान ने हिंदूवादी संगठनों को शांत कराते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। थानाध्यक्ष संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में ले लिया है और अज्ञात गौतस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। संदिग्धों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इलाके में बढ़ी सतर्कता इस घटना के बाद सादिया लाडपुर और आसपास के गांवों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों में इस दुस्साहसिक वारदात को लेकर काफी गुस्सा है। हिंदूवादी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गौतस्करों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की सुरागकशी में जुटी है।

Leave a Reply