DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

पसलियां फ्रैक्चर, पथरी का ऑपरेशन, फिर भी 16 घंटे ड्यूटी:देर रात 1 बजे तक SIR के फॉर्म अपलोड, सिर्फ 5 घंटे सो रहे BLO

51 साल के यशवर्धन चौहान हिंदी के सरकारी टीचर हैं। 11 दिन पहले एक्सीडेंट के कारण पसलियों में फ्रैक्चर हो गया। डॉक्टर ने कंपलीट बेड रेस्ट के लिए कहा है, लेकिन यशवर्धन रोज पसलियों के सपोर्ट के लिए बेल्ट लगाकर घर से निकल जाते हैं। 13-14 घंटे काम कर रहे हैं। यशवर्धन जैसी ही कहानी 54 साल के सरदार सिंह सांदू की है। एक महीने पहले पथरी का ऑपरेशन हुआ, फिर हार्ट में डला स्टेंट निकलवाना पड़ा। इसके बावजूद दवाइयों के साथ रोज घंटों काम कर रहे हैं। महज 5 घंटे सो रहे हैं। क्योंकि ये दोनों बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) हैं। इनके कंधों पर जिम्मेदारी है– एक भी गलती के बिना मतदाता सूची तैयार करना। यानी वही सूची, जिसके आधार पर तय होता है कि आप वोट डाल पाएंगे या नहीं। पढ़िए- तमाम चुनौतियों के बावजूद कैसे ये BLO मजबूती के साथ लोकतंत्र के सबसे अनोखे मिशन SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) में जुटे हुए हैं… छाती पर ट्रैक्टर का पहिया चढ़ने से पसलियां फ्रैक्चर
जोधपुर के मंडोर के चांदना भाखर के यशवर्धन चौहान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हाईकोर्ट कॉलोनी में हिंदी के टीचर हैं। इन दिनों बीएलओ की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। सुबह 6 बजे जाग जाते हैं। उठते ही फॉर्म ऑनलाइन अपलोड करना शुरू कर देते हैं। इसके बाद सुबह 9 बजे घर से निकल जाते हैं। पूरे दिन फिल्ड में घर-घर जाकर लोगों से फॉर्म भरवाते हैं। यशवर्धन एसआईआर की ड्यूटी के दौरान ही 15 नवंबर को सुबह घर से बाइक पर निकले थे। रास्ते में एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। यशवर्धन सड़क पर गिर गए थे। इसी दौरान पीछे से आ रहा वाटर सप्लाई के टैंकर के ट्रैक्टर का पहिया उनकी छाती तक पहुंच गया। पसलियां फ्रैक्चर हो गईं। एक्सीडेंट के बाद डॉक्टर ने आराम की सलाह दी। यह जानकारी उन्होंने अपनी अधिकारी AERO प्रतिज्ञा को दी। इस पर सहायता के लिए नगर निगम के एक कर्मचारी रमेश व सुपरवाइजर थानाराम को उनके सहयोग के लिए लगा दिया गया। कोर्स नहीं करा पाए पूरा : यशवर्धन ने बताया कि वे दसवीं कक्षा तक हिंदी पढ़ाते हैं। बच्चों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा भी चल रही है। 7वीं तक के बच्चों का हिंदी व्याकरण का सिलेबस रह गया, उसे वार्षिक परीक्षा में कवर करेंगे। 40 दिन का समय : यशवर्धन ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के लिए 40 दिन का ही समय मिला है, जो बहुत कम है। फिर भी रात–दिन जुटे रहने से पूरा हो गया। उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 66 भाग संख्या 92 जोधपुर सिटी के 785 वाेटर की पहचान का कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो गया। पहले पथरी का ऑपरेशन, फिर हार्ट में लगा स्टेंट निकलवाया
सरदार सिंह सांदू ब्रिगेडियर जब्बर सिंह राजकीय स्कूल में संस्कृत के टीचर हैं। साथ ही भाग संख्या 137 सरदारपुरा के बीएलओ भी हैं। सरदार सिंह सांदू बीजेएस स्थित अपने घर से सुबह 8 बजे निकल जाते हैं। पूरा दिन वार्ड में वोटर के घर–घर जाकर फॉर्म भरवा कर डिटेल ले कर शाम 7 बजे घर लौटते हैं। इसके बाद देर रात तक ये फॉर्म ऑनलाइन अपलोड करते हैं। सरदार सिंह ने करीब 1 महीने पहले पथरी का ऑपरेशन कराया था। इसी दौरान हार्ट में लगा स्टेंट भी निकलवाना पड़ा। डॉक्टर ने दवाइयाें के साथ रेस्ट करने की सलाह दी है, लेकिन सरदार सिंह पूरे दिन फील्ड में जुटे रहते हैं। उन्होंने बताया कि बीजेएस क्षेत्र में अधिकांश वोटरों का घर गांव में भी है। पंचायत चुनाव आने वाले हैं, ऐसे में वह अपना नाम गांव में ही रखवाना चाहते हैं। इसलिए शहर से हटवा रहे हैं। परेशानियां ये भी : एक बीएलओ को कुत्ते ने काटा, दूसरा बाइक से गिरकर घायल
बासनी स्कूल के इंग्लिश के ग्रेड सेकेंड टीचर व भाग संख्या 160 के बीएलओ अशाेक सिंह कुड़ी हाउसिंग बोर्ड, सेक्टर-3 में रहते हैं। 13 नवंबर को सरस्वती नगर सेक्टर ए में एक वोटर को फॉर्म के बारे में समझा रहे थे। उसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने काट लिया। अशोक सिंह पीएचसी सेंटर पहुंचे। 3 इंजेक्शन लगवाए और फिर एसआईआर की ड्यूटी में जुट गए। एजुकेशन डिपार्टमेंट में एलडीसी अभिषेक भाग संख्या 62 के BLO हैं। ड्यूटी पर एयरफोर्स स्थित अपने घर से रातानाडा की ओर निकले। रास्ते में उनकी बाइक को कार ने टक्कर मार दी। हाथ-पैर में चोट आई। अभिषेक ने अस्पताल पहुंच कर मरहम-पट्‌टी कराई और घर-घर फॉर्म भरवाने में जुट गए। — राजस्थान के BLO से जुड़ीं ये खबरें भी पढ़िए… बीएलओ बोले- SIR से तनाव,नौकरी के लिए कोस रहा परिवार; ताई की मौत पर भी नहीं मिल रही छुट्टी जयपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम कर रहे परेशान BLO ने ट्रेन के आगे छलांग लगाकर सुसाइड कर ली थी। वहीं प्रदेशभर के अन्य बीएलओ ने भी सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पढ़ें पूरी खबर… BLO ने 3 दिन पहले लिख लिया था सुसाइड नोट, खुदकुशी से एक रात पहले आया था सुपरवाइजर का कॉल सरकारी स्कूल के टीचर (BLO) मुकेश चंद जांगिड़ ने 16 नवंबर की सुबह ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी। जेब से मिले सुसाइड नोट में उन्होंने अपने सुपरवाइजर सीताराम बुनकर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पढ़ें पूरी खबर…


https://ift.tt/6wtqgbC

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *